होशियारपुर:- भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा की अध्यक्षता में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश की ओर से पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सोमप्रकाश कैथ ने  नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी का  संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि यह केवल चुनावी वादों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि होशियारपुर की जनता के बेहतर भविष्य का रोडमैप और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की विफलताओं के खिलाफ जनता का आरोपपत्र भी है। भाजपा ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में पंजाब सरकार ने विकास, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, रोजगार और नगर प्रशासन के हर मोर्चे पर जनता को निराश किया है। अब समय आ गया है कि जनता इस जनविरोधी सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दे।
भाजपा ने कहा कि संकल्प पत्र में स्वच्छ प्रशासन, पारदर्शी नगर निगम, आधुनिक आधारभूत सुविधाएं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, युवाओं के लिए अवसर, महिलाओं की सुरक्षा, व्यापारियों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा प्रत्येक वार्ड के संतुलित विकास का स्पष्ट संकल्प लिया गया है। भाजपा का लक्ष्य राजनीति नहीं, बल्कि जनता की सेवा और शहर का समग्र विकास है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि होशियारपुर में लगभग 700 से अधिक कच्चे (ठेका) सफाई कर्मचारियों को वर्ष 2012 के बाद से आज तक नियमित नहीं किया गया। जबकि पूर्व की सभी सरकारों ने अपने-अपने कार्यकाल में कर्मचारियों को नियमित किया था। आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन आज कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।
भाजपा ने कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार नशे की ओवरडोज़ से होने वाली मौतों के मामले में पंजाब देश में पहले स्थान पर है। होशियारपुर की जेजू कॉलोनी के मनप्रीत सिंह उर्फ़ नन्ना द्वारा जारी वीडियो में जेल अधिकारियों और गैंगस्टरों की कथित मिलीभगत के गंभीर आरोप सामने आए हैं। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है और सरकार को तत्काल निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए।
भाजपा ने कहा कि होशियारपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ बार-बार हुई तोड़फोड़ की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। पिछले नगर निगम चुनावों के दौरान हुई घटना हो या मार्च 2025 में बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ हुई तोड़फोड़, सरकार आज तक दोषियों को कड़ी सज़ा दिलाने में विफल रही है। इससे दलित समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि 1.57 करोड़ रुपये के शिमला पहाड़ी चौक रेनोवेशन प्रोजेक्ट में जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग किया गया। सरकारी धन से आम आदमी पार्टी के झंडे, नेताओं के पोस्टर और राजनीतिक प्रचार सामग्री लगाकर सरकारी संसाधनों का खुला दुरुपयोग किया गया।
भाजपा ने कहा कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज तक होशियारपुर के सरकारी अस्पतालों में एमआरआई मशीन उपलब्ध नहीं करवाई गई। मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों में महंगा इलाज करवाना पड़ता है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
भाजपा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को झूठे प्रचार, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और विकासहीनता की ओर धकेल दिया है। मुख्यमंत्री और उनके मंत्री केवल प्रचार में व्यस्त हैं, जबकि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
भाजपा ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम चुनाव में होशियारपुर की जनता भाजपा के संकल्प पत्र पर विश्वास जताते हुए विकास, पारदर्शिता और सुशासन के पक्ष में मतदान करेगी तथा पंजाब सरकार की विफलताओं का लोकतांत्रिक जवाब देगी।
इस मौके,पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद,प्रदेश महामंत्री राकेश राठौड़,निगम चुनाव सह –प्रभारी सुशील शर्मा,प्रदेश सचिव मीनू सेठी,पूर्व मेयर शिव सूद,और ,सतीश बावा,कमल वर्मा,विपुल वालिया,अरुणेश कपूर उपस्थित थे।