मोहाली, 18 नवंबर (गुरजीत बिल्ला):- पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक लोक नृत्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से न्यू थिएटर द्वारा चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी के सहयोग से 8वां वार्षिक ‘भंगड़ा उत्सव’ 22 नवंबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सेक्टर-68 स्थित सिटी पार्क के खुले सभागार में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इस अवसर पर फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा।

आज मोहाली प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रितपाल सिंह (पीटर सोढ़ी) ने बताया कि इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, कामकाजी पेशेवरों और वरिष्ठ नागरिकों सहित हर आयु वर्ग के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पारंपरिक भंगड़ा, गिद्धा, झूमर और लुड्डी जैसे पंजाब के लोक नृत्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे। श्री सोढ़ी ने बताया कि कार्यक्रम में बौद्धिक दिव्यांगता वाले विद्यार्थी, सुनने और बोलने में असमर्थ बच्चे, अन्य विशेष जरूरतों वाले बच्चे तथा झुग्गियों में रहने वाले बच्चे भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। खालसा कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस स्टडीज के विद्यार्थी भी इसमें भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि भंगड़ा स्वास्थ्य और ध्यान के लिए बहुत लाभदायक है तथा यह आयोजन पिछले लगभग 14–15 वर्षों से लगातार करवाया जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि इस अवसर पर डॉ. सुखमिंदर कौर बराड़, चेयरपर्सन, संगीत नाटक अकादमी चंडीगढ़; समाजसेवी फूल राज सिंह; बॉलीवुड और पॉलीवुड के अभिनेता, निर्देशक एवं गायक दर्शन औलख; तथा अमेरिका से लोक कला प्रोत्साहक अश्वनी टेनी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पंजाब के प्रसिद्ध लोक भंगड़ा कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी। इससे पहले इस मंच पर पम्मी बाई, भूपिंदर बब्बल, मास्टर हरभजन, जसबीर पन्नू और अन्य प्रसिद्ध कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं।

इस दौरान अमनदीप सिंह ने बताया कि पारंपरिक भंगड़ा स्वास्थ्य के साथ-साथ एकाग्रता बढ़ाने में भी सहायक होता है।

उल्लेखनीय है कि न्यू थिएटर के निदेशक प्रितपाल सिंह (पीटर सोढ़ी) अब तक 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दे चुके हैं, 2 हजार से अधिक मंच प्रस्तुतियां दे चुके हैं और 200 से अधिक मेले आयोजित कर चुके हैं। वह वर्ल्ड भंगड़ा काउंसिल के अध्यक्ष और वैंकूवर के वर्ल्ड फोक फेस्टिवल के सलाहकार भी हैं।

इस अवसर पर उपरोक्त के अलावा अश्वनी टेनी (अमेरिका), अमनदीप सिंह, याशिका श्रीन, श्रीमती पूनम चौधरी, प्रिंसिपल डिस्कवर एबिलिटी स्कूल, आंचल वर्मा सहित अन्य सहयोगी उपस्थित थे।