गढ़शंकर, 4 अक्तूबर (हरी कृष्ण गंगड़):- श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित शानदार ड्रोन शो शनिवार को गढ़शंकर के गांव पड्डी सूरा सिंह के फुटबॉल ग्राउंड में करवाया गया। इस दौरान 500 ड्रोन ने आसमान में मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करते हुए श्री गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस मौके पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने बड़ी संख्या में संतों-महापुरुषों और विभिन्न क्षेत्रों से आई संगत सहित समारोह में शिरकत करते हुए कहा कि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज के युग में भी बेहद प्रासंगिक हैं, जिन्हें अपनाकर गुरु जी की कल्पना वाले समाज का निर्माण किया जा सकता है।

पंजाब सरकार द्वारा करवाए गए ड्रोन शो के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी के समानता, मानव सम्मान, सामाजिक सद्भाव और सर्वसांझीवालता के संदेश को दर्शाया गया, जिसे संगत द्वारा बहुत सराहा गया।

अपने संबोधन में डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने कहा कि यह शानदार ड्रोन शो श्री गुरु रविदास जी को पंजाब सरकार की ओर से उचित श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुरु साहिब की शाश्वत शिक्षाओं को लोगों, खासकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना एक प्रभावशाली प्रयास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है और इस संबंध में विभिन्न समारोहों के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। उन्होंने बताया कि गुरु साहिब के जीवन और शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए ड्रोन शो, सेमिनार, डॉक्यूमेंट्री शो और मैराथन सहित विभिन्न गतिविधियां करवाई जा रही हैं। इसी कड़ी के तहत प्रदेश के 13,000 गांवों में डॉक्यूमेंट्री शो दिखाए जा रहे हैं, ताकि गुरु साहिब की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जा सके और अधिक से अधिक युवा उनके जीवन एवं शिक्षाओं से परिचित हो सकें।

डिप्टी स्पीकर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व बड़े स्तर पर मनाया जाएगा, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा विभिन्न धार्मिक स्थानों से चार विशाल शोभा यात्राएं सजाई जाएंगी, जो 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी। उन्होंने बताया कि शोभा यात्राओं के पहुंचने के बाद पंजाब सरकार द्वारा श्री खुरालगढ़ साहिब में प्रकाश पर्व को समर्पित बड़े समारोह करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा जालंधर के गांव नौगज्जा में श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र का नींव पत्थर भी रखा गया है, जिस पर 24.55 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा खुरालगढ़ में 147 करोड़ रुपये की लागत से श्री गुरु रविदास स्मारक भी स्थापित किया जा रहा है। समारोह के दौरान प्रसिद्ध रागी भाई जसवीर सिंह जी द्वारा रसपूर्ण शब्द कीर्तन भी किया गया। ड्रोन शो देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इसका भरपूर आनंद लिया और आसमान में ड्रोन के माध्यम से गुरु साहिब के जीवन एवं दर्शन से संबंधित बनाए गए दृश्यों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि सभी को इन समारोहों में पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल होकर गुरु जी की शिक्षाओं पर चलने का प्रण करना चाहिए, ताकि आपसी भाईचारे को और मजबूत करते हुए गुरु जी के संदेश को घर-घर पहुंचाया जा सके। डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने आए हुए संतों-महापुरुषों को सिरोपा भेंट कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

इस मौके विशेष रूप से संत प्रदीप दास कठार वाले, संत केवल सिंह तप अस्थान श्री खुरालगढ़ साहिब, संत सतनाम दास गज्जण महिदूद, संत महिंदर दास प्रधान श्री चरणछोह गंगा श्री खुरालगढ़ साहिब, संत मेजर दास हल्लूवाल, संत संतोष दास जी गणेशपुर भारटा खानपुर, संत नरेश सिंह, संत सुखदेव सिंह तप श्री खुरालगढ़ साहिब, बाबा बलराम भवानीपुर, रानी महंत रामपुर बहेरों, रेशम शाह साबरी मोइला बहिदपुर, संत बाबा बलराम सिंह, संत सुरिंदर दास, मोनिका साईं और भारी संख्या में संगत मौजूद थी।