पटियाला, नवंबर 2026 (मनप्रीत सिंह):- आनंद मार्ग प्रचारक संघ, पटियाला के संरक्षण में आयोजित 24 घंटे का अखंड कीर्तन ‘बाबा नाम केवलम्’ आज रविवार दोपहर 12 बजे श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक आनंद के साथ विधिवत संपन्न हुआ।
यह अखंड कीर्तन शनिवार, 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे आनंद मार्ग जागृति, जुझार नगर, गली नंबर 1, श्री वैष्णो देवी मंदिर के सामने, पटियाला में शुरू हुआ था और लगातार 24 घंटे बिना रुके चलता रहा।
इस भव्य आयोजन में पंजाब के विभिन्न शहरों—अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, बठिंडा, संगरूर और मोहाली सहित दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, कर्नाटक तथा अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आनंदमार्गी पहुंचे। दूर-दराज से आए संन्यासियों और संन्यासिनियों ने भी इस अखंड कीर्तन में भाग लेकर आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की।
इस अवसर पर आचार्य परमेश्वरानंद अवधूत जी ने ‘बाबा नाम केवलम्’ कीर्तन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महामंत्र मन को शांति, हृदय को पवित्रता और जीवन को आनंद प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक कीर्तन से वातावरण शुद्ध होता है।
आचार्य वंदनानंद अवधूत जी ने साधना के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि नियमित साधना से मनुष्य किस प्रकार आगे बढ़ सकता है तथा साधना में प्रगति के लिए सेवा और त्याग कितने आवश्यक हैं।
आचार्य पूर्णदेवानंद अवधूत जी ने कहा कि यम-नियम का पालन और सत्य का आचरण ही साधना की मजबूत नींव है।
अवधूतिका आनंद मंजरी आचार्य जी ने कहा कि महिलाओं को साधना, सेवा और शिक्षा के माध्यम से आत्मबल प्राप्त करके समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। संस्था के सभी दिवंगत सदस्यों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
इस पावन अवसर पर वार्ड नंबर 27 के नगर निगम पार्षद (एम.सी.) श्री मोहित मरवाहा और जुझार नगर समिति के अध्यक्ष श्री पी.एस. भंडारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आनंद मार्ग के बारे में अपने विचार साझा किए और इस पहल की सराहना की।
समापन अवसर पर पंजाब समिति के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत वर्मा, पटियाला के भुक्ति प्रधान रजनीश वर्मा और पूरी आयोजन टीम ने सभी श्रद्धालुओं, सेवाभावियों और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में संस्था और क्षेत्र के जिन लोगों का विशेष योगदान रहा, उनमें धर्मवीर शर्मा, दविंदरजीत सिंह पूनिया, परमजीत अर्नौली, पी.सी. बस्सी, डॉ. बिक्रम, इकबाल लखा, गुरमीत सिंह, दादा देवमित्रानंद (डी.एस., पटियाला), दीदी अवधूतिका आनंदविशुद्धा आचार्य, रविंदर ठाकुर, जसवीर सिंह, जैचंद सैनी, प्रेम राणा, धर्मवीर आहूजा और डॉ. सुरेश नायक के नाम उल्लेखनीय हैं।
