हरोली/ऊना, 16 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- बाबा सिद्ध चनो जी का 71वां पावन दहाजा रविवार रात श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा जी के दरबार में शीश नवाया और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और बाबा जी के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा। इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन बड़पगा गोत्र द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाता है।
हर वर्ष आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम लोगों की अटूट आस्था और धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण चमन एंड पार्टी, जखेड़ा वालों की शानदार प्रस्तुतियां रहीं। कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। इस दौरान बाबा बोरिया का स्वांग, लाल फकीर का स्वांग तथा बाबा जी के घोड़ों का स्वांग विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
इन पारंपरिक स्वांगों को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से धार्मिक मान्यताओं और पुरानी लोक परंपराओं को जीवंत किया। आयोजन में बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने बाबा सिद्ध चनो जी के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा को दर्शाया। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति को संजोने का संदेश देता है।
बड़पगा गोत्र द्वारा निभाई जा रही यह 71 वर्षों पुरानी परंपरा आज भी लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ रही है।
इस अवसर पर रोशन लाल नैनमा, काला नैनमा, शिंगारा सिंह, लाली, लक्ष्मण राम, राम लाल, भुला राम, मखन सिंह, सोमी, काला, गुरनाम, बलबीर सिंह, सुखविंदर सिंह, कुलदीप सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
