अंबाला, 24 नवंबर (आर. सिंह):- नशीले पदार्थों की तस्करी के एक मामले में एनडीपीएस एक्ट फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने फतेहगढ़ गांव के निवासी राजेश कुमार को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डॉ. अशोक कुमार ने दोषी पर 1,00,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा न करने पर उसे एक साल का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
यह मामला 9 अगस्त, 2019 का है। नारायणगढ़ पुलिस ने राजेश कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की थी। जांच के दौरान पुलिस ने उसे उसकी गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया था। तलाशी लेने पर 1 किलोग्राम 500 ग्राम चरस बरामद हुई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में चालान पेश किया। मुकदमे के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान और अन्य सबूत पेश किए।
