
भगवंत मान सरकार ने शहरी क्षेत्रों में मैकेनिकल स्वीपिंग की राज्यव्यापी शुरुआत की योजना बनाई
साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 24 जून: मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रदेश को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए राज्य की सभी नगर परिषदों और नगर निगमों में मैकेनिकल स्वीपिंग (मशीनों द्वारा सफाई) लागू करने की दिशा में गंभीरता से विचार कर रही है।
साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 24 जून: मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रदेश को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए राज्य की सभी नगर परिषदों और नगर निगमों में मैकेनिकल स्वीपिंग (मशीनों द्वारा सफाई) लागू करने की दिशा में गंभीरता से विचार कर रही है।
यह जानकारी आज स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने खरड़ और मोहाली की सड़कों पर मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के ट्रायल रन का निरीक्षण करने के दौरान दी।
डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शहरों की मुख्य सड़कों पर कुशल, प्रभावी और नियमित सफाई सुनिश्चित करना है, जहां ऐसी मशीनें आसानी से संचालित की जा सकती हैं। इस योजना में दो प्रकार की मशीनें शामिल की जाएंगी – छोटी मशीनें संकरी गलियों के लिए और बड़ी मशीनें मुख्य सड़कों के लिए।
शहरी स्वच्छता और सफाई के महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि यह पूरी पहल मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के उन निर्देशों के अनुरूप है, जिनमें उन्होंने पंजाब के शहरों को और अधिक सुंदर तथा स्वच्छ बनाने पर विशेष बल दिया है। उन्होंने बताया कि राज्य के कुछ प्रमुख नगर निगमों में यह मैकेनिकल स्वीपिंग पहले से ही शुरू की जा चुकी है और शीघ्र ही इसे अन्य शहरी स्थानीय संस्थाओं में भी सौंदर्यीकरण प्रयासों के हिस्से के रूप में विस्तार दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मैकेनिकल स्वीपिंग के लागू होने से वर्तमान में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के रोजगार पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके अतिरिक्त, सरकार इन महंगी मशीनों को स्वयं खरीदने की योजना नहीं बना रही है, बल्कि इन्हें आउटसोर्सिंग के माध्यम से लीज अथवा संचालन एवं रख-रखाव (ओ ऐंड एम) के आधार पर संचालित किया जाएगा, जिससे लागत प्रभावशीलता बनी रहेगी।
मंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय निकाय विभाग के मुख्य इंजीनियर अश्वनी चौधरी, नगर निगम खरड़ के कार्यकारी इंजीनियर शैली राज गर्ग, नगर निगम मोहाली के कार्यकारी इंजीनियर रजिंदर कुमार और नगर निगम खरड़ के कार्यकारी अधिकारी गुरबख्शीश सिंह भी उपस्थित रहे।
