लंबित विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए : जय कृष्ण सिंह रौड़ी

होशियारपुर- पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने आज स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से विकास कार्यों व कल्याणकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि लंबित विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

होशियारपुर- पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने आज स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से विकास कार्यों व कल्याणकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि लंबित विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
उपाध्यक्ष जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर निकास कुमार के साथ गढ़शंकर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को चल रहे विकास कार्यों की गति में तेजी लाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों को आसानी से मिले ताकि वे इन योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकें। 
उपाध्यक्ष ने ग्रामीण विकास एवं पंचायत तथा जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि हलके के हर कच्चे घर को नियमित करने के साथ-साथ लोगों को निर्विघ्न जल आपूर्ति उपलब्ध करवाना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है। डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने अधिकारियों को विभिन्न गांवों में करवाए जाने वाले विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा ताकि इन कार्यों के लिए जरूरी फंड जारी किए जा सकें और लोगों को जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाई जा सकें।
 उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए कंडी के गांवों से जुड़े मसलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और इन क्षेत्रों में हर बुनियादी सुविधा मुहैया करवाई जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया जाएगा, जिसके लिए हर वर्ग का जरूरी सहयोग अनिवार्य है। 
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा गढ़शंकर मार्केट कमेटी के चेयरमैन बलदीप सिंह, ओएसडी चरणजीत सिंह चन्नी आदि भी मौजूद थे।