किसानों का दिल्ली कूच: सुरक्षा बलों ने दागे आंसू गैस के गोले, 7 घायल, 2 की हालत गंभीर
शंभू बॉर्डर/पटियाला- किसान नेताओं के आह्वान पर आज दोपहर यहां 101 किसानों का पहला जत्था दिल्ली की ओर कूच करने लगा, तभी हरियाणा की तरफ खड़े सुरक्षा बलों ने जत्थे को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। करीब ढाई घंटे तक चले संघर्ष के दौरान करीब 7 किसान घायल हो गए। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि हरियाणा पुलिस की ओर से दागे गए आंसू गैस के गोले से कई नेता घायल हुए हैं।

इसके बाद जत्थे को वापस बुला लिया गया। पंधेर ने बताया कि हरियाणा पुलिस से हमारी बात हुई है। उनके ज्ञापन मांगने पर ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें केंद्र सरकार से बातचीत की बात कही गई है। केंद्र सरकार से बातचीत के लिए कल का दिन तय किया गया है।
उन्होंने कहा है कि "हम बातचीत के लिए तैयार हैं और कल तक इंतजार करेंगे। हम सरकार से टकराव नहीं चाहते। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को हमसे बात करनी चाहिए।"
पंधेर ने कहा कि अगर केंद्र बातचीत करता है तो ठीक है, नहीं तो 101 किसानों का जत्था 8 दिसंबर (रविवार) को दोपहर 12 बजे दिल्ली की ओर कूच करेगा। आज कूच करने से पहले किसानों ने बैरिकेड्स और कंटीले तारों को उखाड़ दिया। इस पर हरियाणा पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी और फिर आंसू गैस के गोले दागे। घायल किसानों में से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।