करनाल पुलिस की सख्त कार्रवाई अवैध हथियारों सहित एक आरोपी गिरफ्तार
करनाल, 16 सितंबर:- जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध हथियार रखने एवं हथियारों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-3 करनाल की टीम ने प्रभारी निरीक्षक अजेय सागवान के नेतृत्व में मुख्य सिपाही जितेंद्र सिंह व उनकी टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास उर्फ विक्की पुत्र ओमप्रकाश निवासी कर्ण विहार, जिला करनाल के रूप में हुई है।
पुलिस टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी अवैध हथियार लेकर काछवा रोड, पुंडरक नहर पुल, करनाल क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल .32 बोर, 2 रौंद, एक देसी कट्टा .315 बोर, 1 रौंद, एक मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
आरोपी के खिलाफ थाना सदर करनाल में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसका 5 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर हुआ है।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी तथा अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, इनके स्रोत एवं मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। मामले में आगामी जांच जारी है।
