सेवा संकल्प अभियान विधायक विनोद भयाना ने संभाली सेवा मेरा योगदान प्रकल्प की कमान

हांसी, 16 सितंबर:- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला में ‘सेवा मेरा योगदान’ प्रकल्प का भी आयोजन होगा। लगभग एक माह तक चलने वाले प्रकल्प का नेतृत्व हांसी के विधायक विनोद भयाना करेंगे। 22 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस पहल के तहत जनसेवा, सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य, पर्यावरण, रोजगार और नागरिक सहभागिता से जुड़ी करीब 25 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
प्रकल्प का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को सेवा कार्यों से जोड़ना है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से जनकल्याणकारी गतिविधियों को व्यापक रूप दिया जा सके। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और सामुदायिक सहयोग की भावना को मजबूत किया जाएगा।
प्रकल्प के तहत पौधारोपण अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, नशा मुक्ति अभियान, रक्तदान शिविर, मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम, रोजगार मेले तथा विभिन्न जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विधायक विनोद भयाना स्वयं विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों को जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।
इसी क्रम में विधायक द्वारा स्वास्थ्य मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यह मोबाइल वैन हांसी क्षेत्र के विभिन्न गांवों और शहरी इलाकों में पहुंचकर नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध करवाएगी। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
‘सेवा मेरा योगदान’ प्रकल्प के अंतर्गत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कौशल विकास केंद्रों तथा अन्य शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों द्वारा रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों में विभिन्न औद्योगिक संस्थानों, निजी प्रतिष्ठानों और कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि योग्य युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और प्रशिक्षण के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकें।
रोजगार मेलों में युवाओं का पंजीकरण, दस्तावेजों का सत्यापन, साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को विधायक विनोद भयाना द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।

‘म्हारी हरी-भरी हांसी’ अभियान के तहत लगाए जाएंगे 5000 पौधे
एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘म्हारी हरी-भरी हांसी’ अभियान को भी ‘सेवा मेरा योगदान’ प्रकल्प से जोड़ा गया है। इस अभियान के तहत हांसी क्षेत्र में करीब 5000 पौधे लगाए जाएंगे। पौधारोपण के लिए सरकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों, सड़कों के किनारे और अन्य उपयुक्त स्थानों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि केवल पौधे लगाना ही अभियान का उद्देश्य नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए विभागों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, स्वच्छता और हरित क्षेत्र बढ़ाने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से युवाओं को किया जाएगा जागरूक
प्रकल्प के दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं और आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए विशेष शिविर और जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी जाएगी।
युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलकूद तथा रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, नशे की समस्या से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को उपलब्ध उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

मतदाता पंजीकरण और मतदान जागरूकता पर रहेगा जोर
प्रकल्प के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा मतदाता पहचान पत्र में आवश्यक संशोधन, नए मतदाताओं का पंजीकरण और मतदान प्रक्रिया से संबंधित जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका और मतदान के महत्व के बारे में बताया जाएगा। नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ करें।
एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि प्रकल्प के तहत आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, नगर परिषद, सामाजिक संस्थाओं और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी सहयोग और समन्वय से कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करेंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन गतिविधियों से जुड़ सकें और उन्हें योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, ताकि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।