अंबाला कैंट रोटरी क्लब अंबाला इंडस्ट्रियल एरिया ने किया बेसिक एजुकेशन एवं साक्षरता मिशन का शुभारंभ
अंबाला कैंट, 16 सितंबर:- रोटरी क्लब अंबाला इंडस्ट्रियल एरिया द्वारा सितंबर माह 'बेसिक एजुकेशन एंड लिटरेसी मंथ' के रूप में मनाया जा रहा है। इस लड़ी में रोटरी क्लब द्वारा एस.एस. लिटिल एंजल्स कॉन्वेंट स्कूल, अंबाला कैंट में वरिष्ठ रोटेरियन शिक्षाविद डॉ. रतन सिंह ढिल्लों एवं प्रो. गुरदेव सिंह देव के मार्गदर्शन में साक्षरता मिशन की शुरुआत की गई।
सर्वप्रथम स्कूल की प्रधानाचार्य श्रीमती नीलिमा खंडेकर ने रोटरी प्रधान श्री दीक्षित कपूर तथा अन्य सदस्यों का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात कार्यकारी सचिव श्रीमती अनिता कपूर ने मुख्य वक्ता डॉ. रतन सिंह ढिल्लों को आमंत्रित किया। डॉ. ढिल्लों ने सामाजिक उत्थान एवं राष्ट्र निर्माण में बेसिक शिक्षा, साक्षरता एवं शिक्षक के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालते हुए इसे सर्वोत्तम सेवा बताया। सभागार में उपस्थित सभी श्रोताओं ने सुरुचिपूर्ण सुनते हुए तालियों से स्वागत किया। पूर्व प्रधान प्रो. गुरदेव सिंह देव ने रोटरी इंटरनेशनल की विभिन्न सेवाओं के लिए प्रदान किए जाने वाले नेशन बिल्डर, वोकेशनल अवार्ड्स व अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी दी। तदोपरांत शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा-समर्पण के लिए स्कूल के पाँच शिक्षकों को 'रोटरी टीचर्स अवार्ड' से सम्मानित किया गया। जिनमें विनय कुमार, अशोक कुमार, मिस कीर्ति लांबा, स्वीटी बाली और सतपाल कौर शामिल रहे। इस अवसर पर अन्य उपस्थित रोटरी सदस्यों में रोटेरियन डी.पी. गुलाटी (पूर्व ए.जी., अध्यक्ष) शशि गुलाटी (पूर्व अध्यक्ष एवं जोनल लिटरेसी ट्रेनर) का विशेष योगदान रहा।
पुरस्कार समारोह में 60 से अधिक शिक्षक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के उपरांत प्रधानाचार्य नीलिमा खंडेकर, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री आलोक गुप्ता व हाजिर सदस्यों ने वरिष्ठ रोटेरियन डॉ. रतन सिंह ढिल्लों का 80वां जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया और उन्हें उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की शुभकामनाएँ दीं।
