साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 25 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी, साहिबजादा अजीत सिंह नगर, श्री आदित्य डचलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले में मतदाता सूचियों की विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) प्रक्रिया की समीक्षा के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब द्वारा रूपनगर मंडल के कमिश्नर श्री विनय बुबलेनी, आईएएस को इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर मंगलवार, एक दिसंबर को सुबह 11 बजे जिला प्रशासनिक परिसर, साहिबजादा अजीत सिंह नगर में जिले के सांसदों, विधायकों तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों और संयोजकों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वह मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की चल रही प्रक्रिया की समीक्षा करने के साथ-साथ जिले के कुछ मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी करेंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर का ईमेल पता [email protected] और संपर्क नंबर 01881-220400 है। मतदाता सूची में अपने वोट से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत, आपत्ति या समस्या रखने वाला व्यक्ति निर्धारित तिथि को इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर से मिल सकता है।
उन्होंने जिले के निवासियों से अपील की कि वे मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान अपने मताधिकार से संबंधित किसी भी समस्या या आपत्ति को निर्धारित तिथि पर ऑब्जर्वर के ध्यान में लाएं, ताकि मतदाता सूचियों को सही और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग मिल सके।
