हिसार- पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन के निर्देशानुसार, महिला पुलिस जागरूकता टीम ने एकता पब्लिक स्कूल की छात्राओं और स्टाफ को साइबर अपराध, गुड टच, बैड टच और यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया। महिला थाना प्रबंधक इंस्पेक्टर सरोज ने एकता पब्लिक स्कूल पहुँचकर छात्राओं को आत्मरक्षा, नशा मुक्ति, डायल 112 के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया।
स्कूल में उपस्थित सभी छात्राओं और स्टाफ सदस्यों को डायल 112 ऐप का सही उपयोग करने के लिए कहा ताकि मुसीबत के समय पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकें और छात्राएँ किसी भी मुसीबत या समस्या के समय घबराएँ नहीं बल्कि साहस, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ समस्याओं का सामना करें। जीवन बहुत अनमोल है, इसे स्वस्थ और सुरक्षित रखें।
उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए और उन्हें शारीरिक/मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित महिला अपने अधिकारों को जानती है और किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने में सक्षम होती है। इसलिए जरूरी है कि हर बच्ची को अपने अधिकारों के बारे में पता हो ताकि वह इस समाज की बुराइयों से लड़ सके और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर हो रहे अपराधों के प्रति सावधान रहने और साइबर क्राइम के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है। 
इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे और बुरे स्पर्श के बारे में जागरूक किया और कहा कि अगर कोई व्यक्ति उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश करता है तो अपने परिजनों को इसके बारे में बताएं, क्योंकि अगर वे इसका विरोध नहीं करेंगे तो वह दोबारा उनके साथ गलत हरकत करने की कोशिश करेगा। 
टीम ने बताया कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने 1091 और 1098 नंबर जारी किए हैं। इस मौके पर विद्यार्थियों के अलावा स्टाफ भी मौजूद रहा।