चंडीगढ़:- पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट ली है। आज सुबह से ही कई इलाकों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर हल्की बारिश व बूंदाबांदी हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र ने 'पश्चिमी विक्षोभ' के प्रभाव के कारण 29 से 31 अक्टूबर तक बारिश और गरज-चमक के साथ तूफानी गतिविधियां बढ़ने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, 'पश्चिमी विक्षोभ' के कारण जम्मू और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण बन गया है। इसके अलावा, वायुमंडल के मध्य स्तर पर एक अन्य 'पश्चिमी विक्षोभ' भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण पूरे क्षेत्र में बारिश, तूफान और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

पंजाब में 29 और 30 अक्टूबर को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 28 और 31 अक्टूबर को कुछ छिटपुट स्थानों पर बारिश हो सकती है। हरियाणा में 29 और 30 अक्टूबर को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है, जबकि 28 और 31 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में भी 29 और 30 अक्टूबर को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर आज सुबह से ही बारिश शुरू हो चुकी है।

मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि होने की संभावना जताई है। तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसलों के साथ-साथ खुले में पड़ी कटी हुई फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। ओलावृष्टि से वाहनों, खिड़कियों और एस्बेस्टस शीट की छतों को भी नुकसान होने की आशंका है।