करनाल, 12 नवंबर (प्रवीण वालिया):- राजकीय कन्या आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेलवे रोड, करनाल में बृहस्पतिवार को सामाजिक सहयोग की सराहनीय पहल के तहत 50 जरूरतमंद छात्राओं को ब्लेज़र वितरित किए गए। विद्यालय की छठी से ग्यारहवीं कक्षा तक की छात्राओं को सर्दी से बचाव के लिए ये ब्लेज़र पांच समाजसेवियों की ओर से प्रदान किए गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहिंदर सिंह नरवाल ने बताया कि इस पुनीत कार्य में एडवोकेट जंगशेर सिंह (सदस्य, अभिवक्ता परिषद), लाजपत राय गर्ग, मंदीप सिंह, दीपक पोसवाल तथा संजीव कुमार ने सहयोग दिया। उन्होंने अपने हाथों से जरूरतमंद छात्राओं को ब्लेज़र वितरित किए और सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए बच्चों की मदद के लिए आगे आए।
प्रधानाचार्य मोहिंदर सिंह नरवाल ने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर इस प्रकार की सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। प्रत्येक सक्षम व्यक्ति और संस्था को जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड में किया गया यह छोटा-सा प्रयास छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने इस नेक पहल के लिए सभी समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
कार्यक्रम में पीजीटी होम साइंस राजमीत कौर ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण और छात्राएं उपस्थित रहीं।
