अंबाला, 17 अक्टूबर (आर. सिंह):- अंबाला जिले में अपराध पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अंबाला पुलिस ने बिना नंबर प्लेट तथा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के बिना चलने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी जगबीर सिंह ने मीडिया को बताया कि अपराधी अक्सर वारदातों को अंजाम देने के लिए ऐसे वाहनों का इस्तेमाल करते हैं, जिन्हें जांच एजेंसियों के लिए ट्रैक करना मुश्किल होता है। इस सुरक्षा खतरे को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
डीएसपी अंबाला जगबीर सिंह ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा 1 जनवरी 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए विशेष जांच अभियानों के दौरान बिना नंबर प्लेट संबंधी उल्लंघनों के लिए कुल 9,906 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा, केवल 15 दिनों के भीतर एचएसआरपी नहीं होने के कारण 1,498 वाहनों के चालान किए गए। उन्होंने बताया कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में अंबाला के एसपी द्वारा भेजी गई विशेष रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट, अंबाला ने सख्त आदेश जारी किए हैं। इनके तहत जिले का कोई भी पेट्रोल पंप मालिक या कर्मचारी बिना नंबर प्लेट वाले किसी भी वाहन में पेट्रोल या डीजल नहीं भरेगा। यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक या कर्मचारी इन आदेशों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
