फतेहगढ़ साहिब:- सरहिंद स्थित तलवार आटा चक्की के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद कथित रूप से टक्कर मारने वाला मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। मामले की जानकारी देते हुए थाना सरहिंद के सब-इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि मृतकों के भाई और सरहिंद निवासी करण कश्यप ने पुलिस के पास अपने बयान दर्ज करवाए हैं। करण के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब सरहिंद निवासी उसके दोनों भाई, 17 वर्षीय रोहन और 17 वर्षीय हर्ष, अपनी एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर तलवार आटा चक्की के पास से गुजर रहे थे।
इसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आ रही थी। अचानक सड़क पर एक आवारा पशु आ जाने के कारण तेज रफ्तार बाइक चालक अपना संतुलन खो बैठा और उसका वाहन बेकाबू हो गया। बेकाबू मोटरसाइकिल ने सामने से आ रही रोहन और हर्ष की एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद करण कश्यप ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल भाइयों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रोहन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे भाई हर्ष की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था, जहां उपचार के दौरान सोमवार को उसने भी दम तोड़ दिया।
