अंबाला, 29 अक्टूबर (आर. सिंह):- अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत के निर्देशों के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अंबाला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी-नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की टीम ने कार्रवाई करते हुए अंबाला कैंट के लाल कुर्ती चौकी क्षेत्र के एक होटल में छिपे पंजाब के दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की पहचान हरकीरत सिंह और गुलजीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के तरनतारन के निवासी हैं।

एएनसी टीम को अपने खुफिया नेटवर्क के माध्यम से विश्वसनीय सूचना मिली थी कि पंजाब से कुछ तस्कर अंबाला में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी करने आए हैं और लाल कुर्ती चौकी क्षेत्र के एक होटल में छिपे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएनसी टीम के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर नरेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें सहायक सब-इंस्पेक्टर रणबीर सिंह, सहायक सब-इंस्पेक्टर दर्शन भारती और सहायक सब-इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह शामिल थे। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल पर छापा मारा और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों से 113 ग्राम हेरोइन, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, तीन मोबाइल फोन और 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत थाना पड़ाव में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को माननीय अदालत के माध्यम से पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।