नवांशहर, 8 नवंबर (गुरबख्श सिंह महे):- दीवाली के शुभ अवसर पर महे गोत्र के जठेरों का दो दिवसीय वार्षिक मेला गांव हियातपुर जट्टां में श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर महे गोत्र से संबंधित विभिन्न गांवों और शहरों से बड़ी संख्या में परिवारों ने शिरकत की। उन्होंने जठेरों के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा परिवारों की सुख-शांति और सर्वजन के कल्याण की कामना की। मेले के दौरान दूर-दराज से पहुंचे परिवारों ने एक-दूसरे से मिलकर खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर आपसी मेल-मिलाप, भाईचारे और पारिवारिक प्रेम का अनूठा दृश्य देखने को मिला। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक हर वर्ग के लोगों ने मेले में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले ने जहां पुरानी परंपराओं को ताजा किया, वहीं नई पीढ़ी को अपनी विरासत और जड़ों से जुड़ने का अवसर भी प्रदान किया।

इस अवसर पर प्रधान दविंदर कुमार महे ने कहा कि मेले केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं होते, बल्कि ये आपसी मेल-जोल, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि अपनों से मिलकर, एक-दूसरे का हाल-चाल जानकर और दुख-सुख साझा करके ही मेले संपूर्ण होते हैं। ऐसे वार्षिक आयोजन हमारी विरासत को सहेजने और भाईचारे को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने मेले में पहुंची समस्त संगत का धन्यवाद करते हुए अपील की कि अपनी विरासत और परंपराओं को कायम रखने के लिए ऐसे आयोजनों में अधिक से अधिक भागीदारी की जाए। इस अवसर पर आयोजकों की ओर से दविंदर कुमार महे, विनय कुमार महे, जसपाल महे, जुगल किशोर, गुरबख्श सिंह महे, मनजीत सिंह, अमनप्रीत सिंह, सरबजीत सिंह, एडवोकेट हरप्रीत सिंह, अविनाश और परशोत्तम लाल महे को सम्मानित किया गया। गांव की पंचायत की ओर से सरपंच बिमला देवी, पंच जसपाल कौर, मनजीत कौर, जसप्रीत कौर, हरजाप सिंह, मनप्रीत सिंह मनी तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।