हरोली/ऊना, 25 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- जिला पुलिस ऊना (हि.प्र.) ने 25 अक्टूबर 2026 को टाहलीवाल बाजार से दो व्यक्तियों को 0.41 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 3,100 रुपये की ड्रग मनी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस थाना टाहलीवाल की टीम ने INSP/SHO अनिल कुमार के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई की। दोपहर करीब 12:50 बजे गश्त के दौरान टाहलीवाल–लालूवाल मार्ग पर हनी शॉकर रिपेयर दुकान के समीप दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उनमें से एक ने कथित तौर पर दूसरे की जेब में संदिग्ध वस्तु डाल दी।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने दोनों को काबू कर पूछताछ की। उनकी पहचान अशोक कुमार (35 वर्ष), निवासी नंगल कलां, और विशाल कुमार (31 वर्ष), निवासी कर्मपुर, के रूप में हुई।
नियमानुसार तलाशी लेने पर विशाल कुमार की जेब से 0.41 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। उसने बताया कि यह मादक पदार्थ उसने अशोक कुमार से 750 रुपये में खरीदा था। वहीं, अशोक कुमार की जेब से कथित तौर पर नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 3,100 रुपये की नकदी बरामद हुई।
मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से मादक पदार्थ का वजन किया गया और बरामद पदार्थ व नकदी को सीलबंद कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना टाहलीवाल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
