करनाल, 29 अक्टूबर (प्रवीण वालिया):- जिला पुलिस करनाल द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सिविल लाइन के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी सेक्टर-13 की टीम ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत करवाने से संबंधित दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस चौकी सेक्टर-13 की इंचार्ज उप निरीक्षक जसविंद्र कौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पहले मामले में पुलिस टीम ने आरोपी बलवान सिंह पुत्र राहुबीर निवासी गांव रॉवर, जिला करनाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 8 फर्जी आधार कार्ड तथा 2 आरसी दस्तावेज बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इन दस्तावेजों का इस्तेमाल जमानत प्रक्रिया में किया गया था। इस संबंध में थाना सिविल लाइन, करनाल में 27 अक्टूबर 2026 को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
दूसरे मामले में पुलिस टीम ने आरोपी अंकित पुत्र महिंद्र सिंह निवासी गांव गंगाटेहड़ी, जिला करनाल को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन, करनाल में 22 जून 2026 को मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस टीम ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मामलों में आरोपियों पर आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से फर्जी दस्तावेज तैयार करवाकर न्यायालय में प्रस्तुत करने का आरोप है। पुलिस द्वारा दोनों मामलों की गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
