होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पुलिस शहीदी स्मृति दिवस के अवसर पर आज स्थानीय पुलिस लाइंस में डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और एसएसपी संदीप कुमार मलिक के नेतृत्व में देश के विभिन्न राज्यों में शहीद हुए पुलिस तथा केंद्रीय सुरक्षा बलों के अधिकारियों और जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

शहीदों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने कहा कि शहीद अधिकारियों और जवानों की अमूल्य कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी कुर्बानियां देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने के लिए एक गौरवशाली इतिहास हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में हर हाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

शहीदों के परिजनों सहित उनके बलिदान को नमन करते हुए एसएसपी ने कहा कि पंजाब पुलिस के लिए यह गर्व की बात है कि राज्य के अनेक अधिकारियों और जवानों ने देश की एकता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए अपनी जान तक की परवाह नहीं की। उनकी कुर्बानियां पूरी पुलिस फोर्स के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान से पंजाब पुलिस में राज्य की कानून-व्यवस्था और भाईचारे को कायम रखने का जज्बा और मजबूत होता है।

उन्होंने बताया कि देश में 21 अक्टूबर को विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के शहीद अधिकारियों तथा जवानों की कुर्बानियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है। इसी दिन वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स नामक स्थान पर सब-इंस्पेक्टर करम सिंह के नेतृत्व वाली सीआरपीएफ की टुकड़ी पर चीनी सैनिकों ने घात लगाकर हमला किया था, जिसमें 10 जवान शहीद हो गए थे।

उन्होंने कहा कि सभी को संकल्प लेना चाहिए कि देश की आन, बान और शान तथा पंजाब पुलिस के गौरव को हमेशा बनाए रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस एक बहादुर और साहसी फोर्स है, जिसने हिम्मत और हौसले के साथ आतंकवाद जैसे खतरों तथा अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हुए हर मिशन में सफलता हासिल की है।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान कुल 154 पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश की रक्षा एवं सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है, जिन्हें पूरा देश नमन कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शहीदों के परिवारों की हर संभव सहायता के लिए हमेशा तत्पर है और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

स्मृति दिवस के अवसर पर सभी अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों के साथ मिलकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर जिला पुलिस की ओर से शहीदों के परिवारों को स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए और उनकी समस्याएं सुनी गईं।

इससे पहले शोक परेड द्वारा शोक सलामी दी गई। देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों तथा पंजाब पुलिस के शहीद अधिकारियों और जवानों की कुर्बानियों को याद करते हुए उनके नाम पढ़े गए। इस अवसर पर पुलिस और सिविल प्रशासन के सीनियर अधिकारी भी मौजूद थे।