करनाल, 25 अक्टूबर (प्रवीण वालिया):- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सदर करनाल की टीम ने राइस मिल से लाखों रुपये के चावल चोरी कर बेचने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक तरसेम सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक जगमोहन सिंह की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान अजीत पुत्र रामबीर सिंह, निवासी अराईपुरा, जिला करनाल; सुशील पुत्र किशोरी लाल, निवासी विकास नगर, करनाल; तथा अंकुश पुत्र वेदपाल, निवासी छपरा खेड़ा, जिला करनाल के रूप में हुई है।

इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि करनाल निवासी अमित दहिया ने थाना सदर करनाल में शिकायत देकर बताया कि गांव मोहदीनपुर के क्षेत्र में ग्रीनफील्ड प्योर इंडिया के नाम से उसकी राइस मिल है। मिल में बासमती धान की मिलिंग करके चावल तैयार किए जाते हैं तथा ट्रकों के माध्यम से विभिन्न ग्राहकों तक पहुंचाए जाते हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने सुशील को करीब चार साल से तथा अंकुश को करीब दो साल से अपनी मिल में मुनीम के तौर पर नौकरी पर रखा हुआ था। पिछले कुछ समय से उसे जानकारी मिली कि मिल से ट्रकों में अधिक मात्रा में चावल लोड किए जाते थे, लेकिन ग्राहकों तक कम मात्रा में चावल पहुंच रहे थे। इस पर उसे अपने दोनों कर्मचारियों पर शक हुआ।

शिकायत के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों कर्मचारियों ने ट्रक मालिक अजीत के साथ मिलकर कथित तौर पर चावल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि वे ट्रकों में अतिरिक्त कट्टे लोड करके मिल से निकलते थे और रास्ते में चावल के कट्टे उतारकर तरावड़ी, अंबाला आदि क्षेत्रों में दुकानदारों को बेच देते थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यह गतिविधि करीब एक साल से चल रही थी और इस दौरान लाखों रुपये के चावल चोरी करके बेचे गए।

शिकायत के आधार पर थाना सदर करनाल में 24 अक्टूबर 2026 को संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की गई। मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सदर की टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


दो आरोपियों का पुलिस रिमांड मंजूर

पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने आरोपी अजीत और सुशील का दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया, जबकि आरोपी अंकुश को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।

पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके, चोरी किए गए चावल की बरामदगी की जा सके तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा सके।