नवांशहर, 7 नवंबर (जतिंदर पाल सिंह कलेर):- भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक बांठ रत्तेवाल (सेवानिवृत्त आईपीएस) और वरिष्ठ भाजपा नेता शुभाष बांठ रत्तेवाल ने काठगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पंजाब की राजनीति में एक बड़ा मोड़ है और इससे पार्टी की आंतरिक स्थिति उजागर हो गई है। उन्होंने कहा कि बदलाव और ईमानदार राजनीति का वादा करके सत्ता में आई पार्टी के अपने ही नेता अब उसकी नीतियों से निराश होकर दूसरी पार्टियों की ओर रुख कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुंवर विजय प्रताप सिंह, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा जैसे नेताओं का भाजपा से जुड़ना आप के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने बदलाव की उम्मीद के साथ सरकार को मौका दिया था, लेकिन नशे, बेरोजगारी, उद्योगों की खराब स्थिति और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे आज भी गंभीर चुनौतियां बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल विज्ञापनों, भाषणों और चुनावी वादों से नहीं चलती, बल्कि सरकार का प्रदर्शन जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। पंजाब के युवा रोजगार की तलाश में विदेशों की ओर जा रहे हैं, व्यापारी वर्ग सुरक्षा को लेकर चिंतित है और नशे की समस्या समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। सरकार को इन मुद्दों पर जवाबदेह होना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पंजाब में एनडीए की सरकार बनाने का संकल्प राज्य के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। भाजपा पंजाब को नशामुक्त बनाने, युवाओं को रोजगार देने, उद्योगों को बढ़ावा देने और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। पंजाब को ऐसी सरकार की जरूरत है जो केवल घोषणाएं न करे, बल्कि परिणाम भी दे।
