करनाल, 14 अक्तूबर: हरियाणा प्रजापति सभा के प्रदेशाध्यक्ष एवं भाजपा नेता डॉ. भगत राम खण्डवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस बार दीपावली पर विदेशी दीयों और बिजली की झालरों के बजाय स्वदेशी मिट्टी के दीयों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक पर्व है, इसलिए हमें इसे देशी उत्पादों से ही मनाना चाहिए। 
डॉ. खण्डवाल ने कहा कि जब हम स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीयों को अपनाते हैं, तो इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था को बल मिलता है, बल्कि हजारों गरीब परिवारों के चेहरे पर भी रोशनी आती है। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल की भावना को दीपावली जैसे त्यौहार पर अपनाना ही सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक कदम होगा। 
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे प्लास्टिक और चाइनीज सामग्री से बचें और पर्यावरण अनुकूल सामग्री का प्रयोग करें। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि इस बार की दीपावली को स्वदेशी और पर्यावरण हितैषी बनाकर देश की परंपरा, संस्कृति और स्वाभिमान को मजबूत करें। डॉ. खण्डवाल ने कहा कि दीपावली केवल घरों को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि दिलों में देशभक्ति की लौ जलाने का अवसर भी है। 
उन्होंने कहा कि हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि इस दीपावली पर हम अपने देश, अपने कारीगरों और अपनी मिट्टी का मान बढ़ाएंगे। स्वदेशी दीयों से जगमगाता भारत ही सच्चे अर्थों में समृद्ध भारत की ओर कदम बढ़ाएगा। इस अवसर पर डॉ. खण्डवाल ने सभी नागरिकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और प्रकाश लेकर आए।