करनाल, 17 अक्टूबर (प्रवीण वालिया):- करनाल जिला पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों में हत्या जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-1 करनाल की टीम ने सेक्टर-14, करनाल में पुरानी रंजिश के चलते युवक आर्यन की हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोरावर सिंह पुत्र मनप्रीत सिंह, निवासी बसंत विहार, करनाल के रूप में हुई है।
मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए-1 करनाल के प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक मदन सिंह की टीम ने आरोपी जोरावर सिंह को बसंत विहार, करनाल से काबू किया। मामले में एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
मामले के जांच अधिकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-14, करनाल की मुख्य मार्केट में पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने आर्यन पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। इस हमले में आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। बाद में पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई।
इस घटना के संबंध में शिकायत के आधार पर 12 अक्टूबर 2026 को थाना सिविल लाइन, करनाल में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच अधिकारी के अनुसार, मामले की प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपी जोरावर सिंह तथा अभिरक्षा में लिए गए नाबालिग की वारदात में संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। वहीं, नाबालिग को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह, अंबाला भेजा गया।
