हांसी:-  डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि शहर में वाहन एजेंसियों, शिक्षण संस्थान, कोचिंग सेंटरों, अस्पतालों , दुकानों इत्यादि के आगे वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित तरीके से होनी चाहिए ताकि नागरिकों को आवाजाही में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो। 
डीसी राहुल नरवाल वीरवार को जिला सचिवालय परिसर में जन समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने उक्त निर्देश विश्वकर्मा चौक पर भारी लोडिंग वाहनों के खड़े होने की एक शिकायत को सुनते हुए दिए। उन्होंने कहा कि लोडिंग वाहनों को किसी भी सूरत में विश्वकर्मा चौक के पास खड़ा नहीं होने दे। भारी लोडिंग वाहनों की पार्किंग के लिए जिला प्रशासन द्वारा नई ऑटो मार्केट में जगह निर्धारित की जा चुकी है।
परिवार पहचान पत्रों में आय को दुरुस्त करवाने को लेकर आ रहे आवेदनों पर डीसी राहुल नरवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों की गहनता से जांच कर दुरुस्त करवाना सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन बनवाने को लेकर प्रस्तुत आवेदनों को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह तुरंत आवेदनों की जांच कर सही पाए जाने वाले लोगों की पेंशन बनवाने का कार्य पूर्ण करें। 
डीसी राहुल नरवाल ने नगर परिषद तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन पुल के पास बरसाती पानी निकासी तथा स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को दुरुस्त करवाना सुनिश्चित करें साथ ही उन्होंने नहर के निकट नियमित रूप से साफ सफाई करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने एक अन्य शिकायत पर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रताप बाजार क्षेत्र में नियमित रूप से पानी की सप्लाई करवाना सुनिश्चितकरें।
डीसी राहुल नरवाल ने रामपुर गांव के नागरिकों कि समस्या को सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह दुर्जनपुर माइनर पर रामपुर गांव में गऊघाट बनवाने को लेकर संभावना तलाशने के लिए मौका मुआयना करें तथा गांव के जल घर भूमि की फेंसिंग करवाएं।
विगत सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को शेखपुरा गांव के जलघर की फेंसिंग करवाने की निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए जन स्वास्थ्य विभाग ने जल घर की चार दिवारी निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया है। समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ, एसडीएम कार्यालय के उप अधीक्षक धर्मवीर रंगा, रीडर संतोष गिल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।