हरोली/ऊना, 11 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के मेन बाजार में स्थित वेरका बूथ की दुकान में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार रात्रि करीब 11:40 बजे अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कैश सहित करीब एक लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बाजार में रेकी भी की थी। इसके बाद मौका पाकर उन्होंने दुकान को निशाना बनाया।
रोजाना की तरह सुबह जब दुकान का कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचा तो उसने दुकान का ताला टूटा हुआ देखा। इसके बाद उसने तुरंत दुकान मालिक अभिषेक को फोन कर चोरी की सूचना दी। सूचना मिलते ही अभिषेक मौके पर पहुंच गए और बाद में पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।