हरियाणा/पिंजौर:– पिंजौर में परशुराम धर्मशाला में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला, पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व  उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष ब्रज शर्मा ने शिरकत की। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पिंजौर पहुँचने पर जजपा जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग की अगुआई में जजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जबरदस्त स्वागत किया।
 कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए जजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने  सबसे पहले प्रदेश के लोगों को महर्षि भगवान वाल्मीकि जयंती की  शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमे महर्षि वाल्मीकि द्वारा बताए गए मार्ग पर चलना चाहिए तथा समाज में भाई चारा कायम करने के पूरे प्रयास करने चाहिए। 
उन्होंने कहा कि केवल जननायक जनता पार्टी ही प्रदेश के गरीबों, मजदूरों, किसानों एवं मेहनतकश लोगों की सच्ची हमदर्द है। उन्होंने कहा कि आज किसान बर्बाद हो रहा है, मजदूर एवं गरीब तबका महँगाई की मार से तंग है पर बीजेपी की सरकार के कर्णधारों के पास  उनकी समस्याओं का हल निकालने के लिए समय नहीं है। 
इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज किसानो की हज़ारों क्विंटल धान, नरमा की फसल भारी बारिश एवं बाढ़ से बिल्कुल खराब हो चुकी है पर सरकार अब तक काग़ज़ों या अखबारो में ही कोई हल निकालने की बात कर रही है।
 आज पूरे प्रदेश में बेरोजगारी सुरसा के मुहँ की तरह बढ़ रही है, कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है पर सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही।  उन्होंने कहा कि अब समय आ गया कि जजपा के कार्यकर्ताओं को लोगों के दुःख दर्द दूर करने के लिए जमीनी लड़ाई लड़नी पड़ेगी। 
उन्होंने जिला पंचकूला के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी इकट्ठे होकर  संगठन को मजबूत करने का काम करे तथा जनसाधारण के मुद्दो को पूरे जोर शोर से उठाये। उन्होंने जजपा जिला अध्यक्ष , कालका हल्का प्रधान सहित तमाम कार्यकर्ताओं एवं जिले की पूरी टीम कीब हुत बारिश के बावजूद बढ़िया कार्यक्रम आयोजित करने पर पीठ थपथपाई। 
जजपा प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने  अपने संबोधन में कहा कि आने वाला भविष्य जननायक जनता पार्टी का है क्योंकि अब प्रदेश की जनता ने प्रदेश सरकार की असली नियत को पहचान लिया है जिसका आम लोगों की सहूलियतों से कोई लेना-देना नहीं है। 
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग,प्रदेश महिला विंग की प्रभारी डॉक्टर किरण पूनिया, प्रदेश जजपा उपाध्यक्ष के सी भारद्वाज, कालका हल्का प्रधान मयंक लांबा, पंचकूला हल्का प्रधान सोहन लाल गुर्जर, बलवंत राणा, युवा नेता विजय पांचाल ने भी संबोधित किया।