हिसार:- श्री प्रभुभक्त संकीर्तन मंडल द्वारा विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में हरियाणा का विशालतम हिंदू नववर्ष महोत्सव एवं रामोत्सव 22 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा। हिसार की नई अनाज मंडी में स्थित श्री सत्यनारायण शिव मंदिर में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के प्रति कार्यकर्ता व सदस्यगण काफी उत्साहित हैं। इस महोत्सव की तैयारियों लिए कार्यकर्ताओं की बैठक प्रो. दीपक कुमार (गुरुजी) की अध्यक्षता में आयोजित की गई। 
बैठक में विभिन्न आयोजनों के संदर्भ में विस्तार से चर्चा हुई और सभी कार्यकर्ताओं को भिन्न-भिन्न दायित्व सौंपे गए। बैठक में जहां कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया, वहीं हिंदू नववर्ष आयोजन समिति, मातृशक्ति समरसता समिति, हिन्दवी सेना, ध्रुव मंडली एवं छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति सहित 10 से अधिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेंगे।
    प्रो. दीपक कुमार ने बताया कि महोत्सव से पहले अब तक की सबसे विशाल दिव्य व भव्य ध्वजा यात्रा निकाली जाएगी। विशेष बात यह रहेगी कि विष्णु तिलक वाली सभी ध्वजाएं अभिमंत्रित रहेंगी। अब तक दो हजार से अधिक श्रद्धालु अपनी ध्वजाएं बुक भी करवा चुके हैं। महोत्सव के दौरान धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा जिसमें विहिप के केंद्रीय मंत्री अंबरीश जी और हरियाणा आरएसएस के प्रांत प्रचारक सुरेंद्र पाल जी विशेष रूप से पहुंचेंगे। 
महोत्सव में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए श्याम रसोई में शुद्ध व सात्विक भोजन प्रसाद व पकवानों की खास व्यवस्था रहेगी। महोत्सव में आनंदमयी कीर्तन के साथ ही श्री श्याम जी और श्रीराम जी की महिमा का गुणगान किया जाएगा।
  महोत्सव के लिए हितेश ग्रोवर को कार्यक्रम प्रभारी एवं ममता सोनी को संयोजिका का दायित्व दिया गया है। इनके साथ ही सुनील गोयल, अंजू सिंगल, अनिता बिंदल, उमेश राजपाल, अशोक तिलकधारी, कुसुम गोयल, दीपिका कौशिक व रिंकू साहनी महोत्सव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।