हरोली/ऊना, 6 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- पुलिस चौकी पंडोगा के अंतर्गत भदसाली गांव में पुल के पास खेतों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को आज दिनांक 6 मार्च को सूचना मिली कि भदसाली में पुल के पास खेतों में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी पंडोगा के एएसआई चैन सिंह अन्वेषण अधिकारी को मौके पर भेजा गया। इसके बाद थाना प्रभारी सुनील कुमार तथा हरोली उपमंडल पुलिस अधिकारी मोहन रावत भी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस द्वारा जांच करने पर मृतक की पहचान आनंदपुर साहिब क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। मृतक के पास से एक मोटरसाइकिल, एक सिरिंज तथा अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर मारपीट या किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, हालांकि उसकी नाक से झाग निकलता हुआ पाया गया।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत नशे के कारण हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है तथा शव को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में रखवा दिया गया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
भदसाली में पुल के पास खेतों में मिला युवक का शव नशे से मौत की आशंका
