चंडीगढ़, 24 नवंबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं किसी एक धर्म, समाज या समय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी शिक्षाएं समूची मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को सत्य, सेवा, समानता और सद्भावना का संदेश दिया। गुरु साहिब ने जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव की दीवारों को चुनौती देते हुए कहा कि परमात्मा की बनाई इस दुनिया में प्रत्येक इंसान समान है।
मुख्यमंत्री सोमवार देर शाम यमुनानगर स्थित पवित्र भूमि कपालमोचन में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने दूर-दराज से पहुंचे साध-संगत का स्वागत करते हुए प्रकाश पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ड्रोन, लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से हरियाणा की गौरवशाली विरासत को आसमान में साकार होते हुए दिखाया गया। इसमें श्री गुरु नानक देव जी का सत्य, सेवा और समानता का संदेश, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का कपालमोचन में 52 दिनों का प्रवास तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी की वीरता को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने धर्मशालाओं के विकास के लिए श्राइन बोर्ड को 2 करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थराज कपालमोचन हमारी साझा आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत प्रतीक है। महाभारत और पुराणों की परंपराओं में भी इस तीर्थ का उल्लेख मिलता है। श्री गुरु नानक देव जी ने भी इस पवित्र स्थान पर अपने चरण डाले थे। भंगाणी की जंग के बाद दशम पातशाही श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का यहां 52 दिनों तक ठहरना इस धरती के सिख इतिहास के साथ गहरे संबंध को दर्शाता है।
श्री गुरु नानक देव जी ने दिया समानता और मानवता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर समूची मानव जाति को एक परिवार के रूप में देखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की वाणी में यह सार्वभौमिक भावना बहुत सुंदर ढंग से प्रकट होती है- ‘अवल अल्लाह नूर उपाया, कुदरत के सब बंदे। एक नूर ते सब जग उपजिया, कौन भले कौन मंदे।’
उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने मानव जीवन को दिशा देने वाले तीन सरल सिद्धांत दिए- नाम जपो, किरत करो और वंड छको। ये सिद्धांत हमें आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक बनने का मार्ग भी दिखाते हैं। यदि हम इन सिद्धांतों को अपने घर, कार्यस्थल और समाज में अपनाएं तो अनेक सामाजिक समस्याओं का समाधान अपने आप हो सकता है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने महिलाओं के सम्मान और समानता का भी संदेश दिया। उन्होंने नारी के सम्मान और समाज में उसके महत्व को उजागर किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख गुरु साहिबान की स्मृति को मिला राष्ट्रीय सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख गुरु साहिबान की स्मृति और उनके महान संदेश को देशभर में सम्मान देने के लिए कई कार्य किए हैं। वर्ष 2019 में श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुल्तानपुर लोधी को विरासत शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। पंजाब के गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक से श्री करतारपुर साहिब तक कॉरिडोर का विकास किया गया, जिसके लिए 120 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की स्मृति में जामनगर में 750 बिस्तरों वाले अस्पताल का उद्घाटन किया। इसके साथ ही श्री अमृतसर साहिब से श्री नांदेड़ साहिब तक श्रद्धालुओं के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था भी की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी का 400वां प्रकाश वर्ष देशभर में मनाने का निर्णय लिया। इसी कड़ी में 24 अप्रैल, 2022 को पानीपत की ऐतिहासिक धरती पर ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश वर्ष के अवसर पर राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इसके अलावा साहिबजादों की शहादत को याद करते हुए हर वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने का निर्णय लिया गया।
हरियाणा में सिख गुरु साहिबान की स्मृति में किए जा रहे हैं अनेक कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पवित्र धरती का सिख गुरु साहिबान के साथ गहरा संबंध रहा है। अंबाला जिले का लखनौर साहिब अकाल पुरख श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का ननिहाल था और उनका बचपन वहां बीता। धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में भी समय-समय पर आठ गुरु साहिबान का आगमन हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सिख गुरु साहिबान की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। नवंबर 2025 में पूरे प्रदेश में श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस मनाया गया। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर, 2025 को ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन हजूरी में विशाल समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा जारी सिक्का और डाक टिकट के साथ-साथ हरियाणा सरकार द्वारा तैयार की गई कॉफी टेबल बुक भी जारी की गई। उन्होंने बताया कि यमुनानगर जिले के कलेसर में 18 नवंबर, 2025 को श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वन स्थापित करने का निर्णय लिया गया। वहां गुरु तेग बहादुर द्वार भी बनाया गया है। यमुनानगर के किशनपुरा में गुरु तेग बहादुर कृषि महाविद्यालय खोलने की घोषणा की गई है। यमुनानगर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का नाम भी ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर सिंह जी के नाम पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1984 के दंगों में अपने परिजनों को खोने वाले 121 सिख परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था की गई है। 24 दिसंबर, 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंचकूला में इन परिवारों के सदस्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2022 में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की स्थापना की गई, जिससे सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई और प्रदेश में सिख समुदाय को स्वायत्तता मिली।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरकार ने उठाए कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए ‘स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना’ शुरू की गई, ताकि श्री हजूर साहिब, श्री ननकाना साहिब, श्री हेमकुंट साहिब और श्री पटना साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने बताया कि ‘प्रसाद योजना’ के तहत 27 नवंबर, 2023 को नाडा साहिब गुरुद्वारा, पंचकूला में 13.55 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग बनाई गई, जिसमें 300 वाहन पार्क किए जा सकते हैं। सिरसा स्थित गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब को 27 जून, 2024 को 70 कनाल भूमि मुफ्त हस्तांतरित करने का निर्णय भी लिया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी श्रद्धालु पैसों की कमी के कारण तीर्थ यात्रा से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए दो विशेष रेलगाड़ियां चलाई गईं। पहली रेलगाड़ी 5 मई, 2026 को कुरुक्षेत्र से और दूसरी रेलगाड़ी 15 मई को सिरसा से रवाना हुई।
लोहगढ़ में 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक और थीम पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि कपालमोचन से कुछ दूरी पर स्थित लोहगढ़ का भी सिख इतिहास में विशेष महत्व है। बाबा बंदा सिंह बहादुर जी ने इसे सिख राज्य की राजधानी बनाया था। लोहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर के नाम पर एक ट्रस्ट बनाया गया है, जो यहां की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का कार्य कर रहा है। यहां 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक और थीम पार्क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के उमरी में छठी पातशाही गुरुद्वारा साहिब के निकट सिख संग्रहालय बनाया जा रहा है। यह प्रदेश का पहला ऐसा संग्रहालय होगा, जिसमें सिख इतिहास, संस्कृति और गुरु साहिबान के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सिख गुरु साहिबान की शिक्षाओं और उनके महान योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने मेला श्री कपालमोचन-आदिबदरी परिसर में स्थित 32 धर्मशालाओं के विकास कार्यों के लिए श्राइन बोर्ड को 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की और विधायक द्वारा रखी गई मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन दिया। साढौरा के पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, साढौरा की विधायक रेणु बाला, रतिया के विधायक सरदार जरनैल सिंह, पूर्व विधायक बलवंत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका, गांव माणुके गिल, मोगा के बाबा गोबिंद सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भूपाल सिंह खदरी, बंजारा, घुमंतू एवं विमुक्त जाति बोर्ड के चेयरमैन सरदार जस्मेर सिंह सहित भाजपा नेता, प्रशासनिक अधिकारी और लाखों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
