हरियाणा/हिसार: पुलिस अधीक्षक हिसार द्वारा जिले के सभी थाना प्रबंधकों, चौकी प्रभारियों एवं जांच अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि पुलिस को दी जाने वाली प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष, गहन एवं तथ्यात्मक जांच स्वयं सुनिश्चित करें तथा जांच के दौरान यदि कोई शिकायत झूठी, मनगढ़ंत, दुर्भावनापूर्ण अथवा किसी व्यक्ति को झूठा फंसाने के उद्देश्य से दी गई पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
एसपी हिसार ने कहा कि कुछ लोग निजी रंजिश, आपसी विवाद, बदले की भावना अथवा दबाव बनाने के उद्देश्य से पुलिस को झूठी शिकायतें देकर कानून व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली का दुरुपयोग करने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों के कारण पुलिस का महत्वपूर्ण समय और संसाधन व्यर्थ होते हैं, जिससे वास्तविक पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने में भी बाधा उत्पन्न होती है। हिसार पुलिस ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रही है और भविष्य में किसी भी व्यक्ति को कानून का दुरुपयोग नहीं करने दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं न्याय दिलाने के लिए पूरी ईमानदारी एवं निष्पक्षता से कार्य कर रही है, लेकिन यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर झूठी सूचना देकर किसी निर्दोष व्यक्ति को फंसाने, बदनाम करने या पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एसपी हिसार द्वारा सभी थाना प्रबंधकों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों की जांच करते समय दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी जाए, तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यदि जांच के दौरान शिकायत झूठी पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन को केवल सत्य एवं तथ्यात्मक शिकायतें ही दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, झूठी सूचना या गलत आरोप लगाने से बचें। झूठी शिकायतें समाज में अनावश्यक तनाव एवं विवाद पैदा करती हैं तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह कानून का सम्मान करे और पुलिस प्रशासन का सहयोग करे।
हिसार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण स्थापित करने तथा निर्दोष व्यक्तियों को न्याय दिलाने के लिए पूरी पारदर्शिता एवं सख्ती के साथ कार्यवाही जारी रहेगी। जो व्यक्ति कानून का पालन करेंगे उन्हें पूरा संरक्षण मिलेगा, जबकि कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।