करनाल, 10 नवंबर (प्रवीण वालिया):- जिला जेल करनाल में नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर जेल प्रशासन की सतर्कता से एक कैदी के कब्जे से नशीली गोलियां बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा कैदी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं प्रिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैदी रिंकू पुत्र सतपाल निवासी गांव रेरकला, थाना मतलौडा, जिला पानीपत हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। उक्त कैदी 07 नवंबर 2026 को जिला जेल करनाल में वापस पहुंचा था। पहले से प्राप्त सूचना एवं संदेह के आधार पर जेल प्रशासन द्वारा कैदी और उसके सामान की गहन तलाशी ली गई। इसके बाद उसे निगरानी के लिए जेल अस्पताल में रखा गया।

दिनांक 08 नवंबर 2026 की रात को जब कैदी शौचालय गया तो जेल वार्डर ने उसकी तलाशी के दौरान लाल रंग के रबर के गुब्बारे में छिपाकर रखी गई नशीली गोलियां बरामद कीं। बरामद गोलियां एडिनॉक मार्का की थीं, जिनका गुब्बारे सहित वजन 6 ग्राम 47 मिलीग्राम पाया गया।

नियमानुसार बरामद नशीली गोलियों को सीलबंद कर थाना रामनगर की पुलिस के हवाले किया गया। इस संबंध में जेल उप अधीक्षक धर्मचंद की शिकायत पर थाना रामनगर करनाल में आरोपी रिंकू के खिलाफ मुकदमा नंबर 303 दिनांक 09 नवंबर 2026, धारा 22(B) एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 42 प्रिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मामले की आगामी जांच की जा रही है।