साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 10 नवंबर:- मोहाली पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान आधारित हैंडलरों के इशारे पर नशा और हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच आधुनिक पिस्तौल, 100 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी बरामद की है। यह कार्रवाई जिला एस.ए.एस. नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वरुण शर्मा, आईपीएस के दिशा-निर्देशों के तहत की गई। इस कार्रवाई की निगरानी श्री सौरव जिंदल, पीपीएस, पुलिस अधीक्षक (इन्वेस्टिगेशन); श्री आकाशदीप सिंह, पीपीएस, पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन्स); तथा श्री राजन परमिंदर सिंह, पीपीएस, उप पुलिस अधीक्षक (इन्वेस्टिगेशन) ने की। सीआईए स्टाफ खरड़ की टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह बाजवा, इंचार्ज सीआईए स्टाफ खरड़ ने किया।
प्रेस को जानकारी देते हुए श्री वरुण शर्मा, आईपीएस ने बताया कि 7 नवंबर 2026 को सीआईए स्टाफ मोहाली की टीम खरड़ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि सुखचैन सिंह उर्फ सुखी, मनप्रीत सिंह, सुनील सिंह और गुरप्रीत सिंह नामक चार व्यक्ति, जो जिला फिरोजपुर से संबंधित हैं, नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी का धंधा करते हैं। ये चारों आरोपी क्रेटा कार में सवार होकर मोहाली के विभिन्न क्षेत्रों में नशे और हथियारों की सप्लाई करते थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन, पांच अवैध पिस्तौल तथा ड्रग मनी बरामद की। इस संबंध में थाना सिटी खरड़ में मुकदमा नंबर 388, दिनांक 7 नवंबर 2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 तथा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान आधारित पीआईओ (Pakistan Based PIOs) के संपर्क में थे। ये आरोपी ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से भेजी गई हेरोइन को निर्धारित स्थानों से प्राप्त करते थे और अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से मोहाली, चंडीगढ़ सहित ट्राइसिटी के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपियों का चार दिन का रिमांड हासिल कर आगे की जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
1. मनप्रीत सिंह पुत्र गुरनाम सिंह, निवासी गुरूहरसहाय, जिला फिरोजपुर, उम्र 23 वर्ष (गिरफ्तारी की तारीख 07-11-2026)।
2. सुनील उर्फ सन्नी पुत्र बलविंदर सिंह, निवासी गांव कमालवाला, जिला फिरोजपुर, उम्र 26 वर्ष (गिरफ्तारी की तारीख 07-11-2026)।
3. गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी पुत्र मंगल सिंह, निवासी गांव इसा पंज गराईं, गुरूहरसहाय, जिला फिरोजपुर, उम्र 24 वर्ष (गिरफ्तारी की तारीख 07-11-2026)।
4. सुखचैन सिंह उर्फ सुखा पुत्र जगदीश सिंह, निवासी गद्दू खिलचा, जिला फिरोजपुर, उम्र 23 वर्ष (गिरफ्तारी की तारीख 07-11-2026)।
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
बरामदगी का विवरण:
- जिगाना 30 बोर पिस्तौल – 1
- 32 बोर पिस्तौल – 2
- 315 बोर पिस्तौल – 2
- हेरोइन – 100 ग्राम
- ड्रग मनी – 1 लाख रुपये
- क्रेटा कार – 1
