हिसार (दिनकर गावड़ी):- अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष विपिन गोयल छानीवाला ने हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल द्वारा हिसार एयरपोर्ट परिसर में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान का जल्द चयन करने के निर्देश दिए जाने पर उनका हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। विपिन गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल अग्रवाल समाज के ही नहीं, बल्कि समता, सेवा, सद्भाव, सामाजिक न्याय और लोककल्याण की भावना के प्रतीक हैं। हिसार के निकट स्थित अग्रोहा नगरी महाराजा अग्रसेन की ऐतिहासिक राजधानी रही है। यह भूमि उनके आदर्शों, दूरदर्शी विचारों और समाज के प्रति समर्पण की गौरवशाली विरासत को संजोए हुए है। ऐसे में हिसार एयरपोर्ट पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और सम्मान का विषय होगा।

उन्होंने कहा कि हिसार एयरपोर्ट हरियाणा के विकास और आधुनिक पहचान का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। यहां महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित होने से न केवल उनके गौरवशाली इतिहास और सिद्धांतों को नई पहचान मिलेगी, बल्कि देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को भी हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

विपिन गोयल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल द्वारा एयरपोर्ट का दौरा कर अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी लेना तथा महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के लिए उपयुक्त स्थान का जल्द चयन करने के निर्देश देना एक सकारात्मक और स्वागतयोग्य कदम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रतिमा स्थापना के कार्य को भी आगे बढ़ाया जाएगा। पिछली गठबंधन सरकार के कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं नागरिक उड्डयन मंत्री दुष्यंत चौटाला ने हिसार एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रखा था।

उन्होंने हरियाणा सरकार और संबंधित विभागों से आग्रह किया कि महाराजा अग्रसेन के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता दी जाए, ताकि हिसार एयरपोर्ट पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित होकर सामाजिक समरसता, सेवा और समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचा सके।