चंडीगढ़, 9 अक्तूबर:- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले समन्वयकों, अधिकारियों और स्वयंसेवकों को सम्मानित करने के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा ‘राज्य एनएसएस पुरस्कार 2025-26’ प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए राज्य एनएसएस सेल ने विश्वविद्यालय, जिला और पॉलिटेक्निक स्तर की एनएसएस इकाइयों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए कुल 42 पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें विश्वविद्यालय एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक के लिए एक, जिला/पॉलिटेक्निक एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक के लिए एक, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों और इकाइयों के लिए 30 तथा एनएसएस स्वयंसेवकों के लिए 10 पुरस्कार शामिल हैं। समन्वयकों के लिए पिछले तीन वर्षों की गतिविधियों और उपलब्धियों का सत्यापित रिकॉर्ड अनिवार्य होगा, जबकि कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों के लिए दो वर्षों का सत्यापित रिकॉर्ड आवश्यक होगा।
उन्होंने बताया कि केवल उचित माध्यम से भेजे गए नामांकन ही स्वीकार किए जाएंगे। सीधे भेजे गए, ईमेल के माध्यम से भेजे गए या आवश्यक दस्तावेजों के बिना प्राप्त आवेदनों को अस्वीकार कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, केवल एनएसएस के बैनर तले आयोजित गतिविधियों को ही मान्यता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि संबंधित समन्वयकों को सत्यापित नामांकन और पूर्ण रूप से भरे हुए फॉर्म 31 अक्तूबर, 2026 तक ‘स्टेट एनएसएस सेल, उच्चतर शिक्षा विभाग, शिक्षा सदन, सेक्टर-5, पंचकूला’ में जमा करवाने होंगे।
