ऊना, 21 नवंबर:- उपमंडलीय पशु चिकित्सालय ऊना में एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) के तहत तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों से लाए गए 10 पालतू और आवारा कुत्तों का बंध्याकरण किया गया। साथ ही पशुपालन विभाग की ओर से मुफ्त रेबीज टीकाकरण भी किया गया।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. वीरेंद्र पटियाल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. मनोज शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बिलासपुर और हमीरपुर जिलों के पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं स्टाफ को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान भारतीय पशु कल्याण बोर्ड के दिशा-निर्देशों और पशु कल्याण नियमों की पालना पर विशेष ध्यान दिया गया। पशु चिकित्सकों को सुरक्षित एबीसी सर्जरी की तकनीक, एनेस्थीसिया और ऑपरेशन के बाद की देखभाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। पायोमेट्रा, पेरिटोनाइटिस और हीमोएब्डोमेन जैसी गंभीर जटिलताओं से बचाव के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान सभी सर्जरी बिना किसी जटिलता के सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।
