हांसी, 03 अक्तूबर (दिनकर गावड़ी):- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ स्थित 'न्यू एंजेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल' में 28 सितंबर से 03 अक्तूबर 2026 तक आयोजित सीबीएसई नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता 2026 में सृष्टि इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्कूल, मोठ (नारनौंद, हरियाणा) की अंडर-17 (छात्र वर्ग) टीम ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया और लगातार मुकाबलों में जीत दर्ज कर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लगभग सभी राज्यों से प्रतिष्ठित विद्यालयों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में कड़े मुकाबले देखने को मिले, जिसमें सभी टीमों के बीच कुल 32 राउंड खेले गए। सृष्टि स्कूल के खिलाड़ियों ने हर चरण में अद्भुत खेल भावना, बेहतरीन रेडिंग और मजबूत डिफेंस का परिचय दिया:

• 1 अक्तूबर 2026 (5वां राउंड): सृष्टि स्कूल मोठ (नारनौंद), हरियाणा और बाल विद्या स्कूल, दिल्ली के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में सृष्टि की टीम ने एकतरफा और बेहतरीन खेल दिखाते हुए 36–13 के शानदार स्कोर से मुकाबला अपने नाम किया।

• 2 अक्तूबर 2026 (14वां राउंड): सृष्टि स्कूल मोठ (नारनौंद) और एआईसी एकेडमी, लुधियाना के बीच खेले गए मुकाबले में कड़े संघर्ष के बाद सृष्टि की टीम ने 37–25 के स्कोर से जीत दर्ज की।

• 2 अक्तूबर 2026 (24वां राउंड): सृष्टि स्कूल मोठ (नारनौंद) और सांदीपनि एकेडमी, मंडलेश्वर (खरगोन), मध्य प्रदेश के बीच हुए मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 38–16 के स्कोर से जीत हासिल कर टीम ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

• 3 अक्तूबर 2026 (क्वार्टर फाइनल): सृष्टि स्कूल मोठ (नारनौंद) और माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, जयपुर (राजस्थान) के बीच हुए मुकाबले को 28–13 के बड़े अंतर से जीतकर टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।

• सेमीफाइनल मुकाबला: सेमीफाइनल में सृष्टि स्कूल का मुकाबला आर्मी पब्लिक स्कूल पुणे, महाराष्ट्र से हुआ। यहां भी टीम ने अपना दबदबा बनाते हुए 36–18 के शानदार स्कोर से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

• फाइनल मुकाबला (गोल्ड मेडल मैच): फाइनल मुकाबला सृष्टि इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्कूल, मोठ (नारनौंद), हरियाणा और ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, नोएडा के बीच खेला गया। शुरुआत से ही मजबूत डिफेंस, बेहतरीन तालमेल और सुपर रेड्स के दम पर सृष्टि की टीम ने यह खिताबी मुकाबला 38–14 के बड़े अंतर से जीतकर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) पर कब्जा जमाया।

विद्यालय परिवार में खुशी की लहर:

इस ऐतिहासिक जीत पर बिजेंद्र सिंह लोहान, जिला महामंत्री भारतीय जनता पार्टी, हांसी एवं अध्यक्ष हरियाणा आइस स्केटिंग एसोसिएशन ने कहा कि—“सृष्टि इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्कूल, मोठ (नारनौंद) के खिलाड़ियों द्वारा सीबीएसई नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और खुशी का विषय है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन, खेल प्रतिभा और शानदार टीम भावना के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों, प्रशिक्षकों और पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत का परिणाम है। मैं सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके कोच एवं विद्यालय प्रबंधन को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मुझे विश्वास है कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।” विद्यालय के प्रबंधक अनूप लोहान ने विजेता खिलाड़ियों, कोच (सुभाष लोहान, प्रदीप जागलान व दीपक बडाला) और समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि हमारे बच्चों ने अपनी मेहनत और अनुशासन से राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य घनश्याम वर्मा ने कहा कि यह सफलता बच्चों के अथक प्रयास और खेल के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है। इस शानदार उपलब्धि से पूरे विद्यालय और क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है।