करनाल, 10 नवंबर (प्रवीण वालिया):- हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड, पंचकूला द्वारा प्रदेश की प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत किसानों, ग्रामीणों, पंचायतों, जैव विविधता प्रबंधन समितियों तथा वन विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, बागवानी विभाग और आयुष विभाग के सहयोग से प्रत्येक गांव की लोक जैव विविधता पंजिका तैयार करवाने और उसके सत्यापन का कार्य किया जा रहा है।

इस संबंध में आज जिला सचिवालय के सभागार में उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में लोक जैव विविधता पंजिका तैयार करने और उसके सत्यापन के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तेजी से पूरा किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने जिले के प्रत्येक गांव, ब्लॉक और जिला स्तर पर जैव विविधता प्रबंधन समिति का गठन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


**प्राकृतिक विरासत का संरक्षण प्राथमिक उद्देश्य**

बैठक में उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि गांवों में उपलब्ध प्राकृतिक संपदा और पारंपरिक ज्ञान को संरक्षित करने के लिए लोक जैव विविधता पंजिका एक महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगी। इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए वन विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, बागवानी विभाग तथा आयुष विभाग को ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय पंचायतों के साथ मिलकर आपसी समन्वय से काम करना होगा।

**जैव विविधता प्रबंधन समिति का होगा गठन**

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जैव विविधता प्रबंधन समितियों का गठन जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर जैव विविधता के संरक्षण, उसके सतत उपयोग और पारंपरिक ज्ञान के दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि इस पंजिका के माध्यम से गांवों में मौजूद पेड़-पौधों, औषधीय वनस्पतियों, पशु-पक्षियों, स्थानीय फसलों और जैविक संसाधनों की सटीक जानकारी दर्ज की जाएगी, जिससे भविष्य में प्राकृतिक धरोहर को नुकसान से बचाया जा सके। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे जमीनी स्तर पर जाकर कार्यों की समीक्षा करें और समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।