खरड़ (साहिबजादा अजीत सिंह नगर), 16 अक्टूबर, 2026:- पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जा रही है। इसका उद्देश्य लोगों को उनके जीवन, दर्शन, विचारधारा और सामाजिक समानता के संदेश से अवगत कराना है। इसी कड़ी में खरड़ ब्लॉक के गांव मक्कड़ा, पोपना और पन्नूआं में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई।
इस संबंध में खरड़ के उपमंडल मजिस्ट्रेट श्री गुरमीत सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार की यह पहल श्री गुरु रविदास जी महाराज की महान विचारधारा, उनकी शिक्षाओं तथा समस्त मानवता को दिए गए समानता, आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के संदेश को लोगों तक पहुंचाने के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं आज भी समाज को जात-पात, भेदभाव और सामाजिक बुराइयों से ऊपर उठकर समानता पर आधारित समाज बनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने बताया कि एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाई जा रही यह 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री फिल्म लोगों को श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन और उनके द्वारा दिखाए गए मानवतावादी मार्ग से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे प्रयासों से नई पीढ़ी को गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ने के साथ-साथ समाज में आपसी सम्मान, मेल-जोल और सद्भाव की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज ने अपनी वाणी और विचारों के माध्यम से समस्त मानवता को समानता, सच्चाई और मानवीय गरिमा का संदेश दिया। उनकी शिक्षाओं पर चलते हुए समाज से हर प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की पहलों का मुख्य उद्देश्य गुरु साहिब की विचारधारा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और उन्हें उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना है।
