नवांशहर (देस राज बाली):- स्थानीय समाजसेवी संस्था बी.डी.सी. ब्लड सेंटर ने दशहरा, दिवाली और महापुरुषों के जन्मदिवस के अवसर पर एक महीने के लिए ब्लड यूनिट टेस्ट फीस में विशेष छूट देने का फैसला किया है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में प्रति ब्लड यूनिट टेस्ट के लिए 1,150 रुपये शुल्क लिया जाता है, जिसे छूट के तहत घटाकर 950 रुपये कर दिया जाएगा। यह छूट एक समाजसेवी व्यक्ति द्वारा प्रदान की जा रही है और इसे तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है। यह रियायत 18 नवंबर तक जारी रहेगी। बी.डी.सी. के अध्यक्ष एस.के. सरीन, उपाध्यक्ष जी.एस. तूर, सचिव जे.एस. गिद्दा, वित्त सचिव प्रवेश कुमार और बी.टी.ओ. डॉ. अजय बग्गा ने समाजसेवी व्यक्ति की सेवा भावना की सराहना करते हुए यह जानकारी प्रेस के माध्यम से आम जनता और जरूरतमंदों के साथ साझा की।