होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- लुधियाना में आयोजित पंजाब स्टेट स्पेशल ओलंपिक में जे.एस.एस. आशा किरण स्पेशल स्कूल, जहानखेला के विशेष विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इन खेल मुकाबलों में स्कूल के 12 विशेष बच्चों ने भाग लिया। एथलेटिक्स के 16 मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें स्कूल की छात्रा आरूशी ने दो गोल्ड मेडल और जगजोत ने भी दो गोल्ड मेडल जीते। वहीं गुलशन, माधव, संदीप कात्रिक, तनिशा और परमिंदर ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए।

खेल मुकाबलों में लड़कों की बैडमिंटन टीम ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि लड़कियों की टीम ने सिल्वर मेडल हासिल किया। इसी तरह अन्य खेल मुकाबलों में भी विद्यार्थियों ने पदक जीते। कुल मिलाकर स्कूल के विद्यार्थियों ने 10 गोल्ड, 4 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज मेडल जीते।

एस.ओ.बी. पंजाब के एरिया डायरेक्टर परमजीत सिंह सचदेवा, प्रधान अशोक अरोड़ा और अनिल गोयल ने स्कूल में सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर परमजीत सचदेवा ने कहा कि विशेष बच्चे किसी से भी कम नहीं हैं। इन बच्चों को भी दूसरे बच्चों की तरह आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए।

इस मौके पर आशादीप वेलफेयर सोसायटी के सदस्य मलकीत सिंह मेहरू, हरमेश तलवाड़, प्रिंसिपल श्रीमती शैली शर्मा और कोच भी मौजूद रहे।