नई दिल्ली:- कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का आज दिल्ली में विमोचन किया गया। समारोह की शुरुआत में सोनिया गांधी के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई, जिसे देखकर वह भावुक हो गईं। इस मौके पर उनकी बेटी प्रियंका गांधी ने उन्हें गले लगाकर ढांढस बंधाया।

सोनिया गांधी ने कहा कि ‘बिलॉन्गिंग’ का अर्थ दूसरे देश से आकर यहां के लोगों और संस्कृति से जुड़ने के लिए की गई कड़ी मेहनत है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति उनके लिए नई थी, लेकिन समय के साथ वह इससे जुड़ती चली गईं। उन्होंने बताया कि किताब में जो कुछ भी लिखा गया है, वह उनकी यादों पर आधारित है। वह न तो डायरी लिखती थीं और न ही अपनी यादों का कोई रिकॉर्ड रखती थीं।


**इंदिरा गांधी से डरने का किस्सा सुनाया**

अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बारे में बात करते हुए सोनिया ने कहा कि जिस तरह हर बहू को अपनी सास से डर लगता है, उसी तरह उन्हें भी इंदिरा जी से डर लगता था। इंदिरा गांधी के गुस्सा होने के बाद राजीव और संजय कहते थे कि चलो, तूफान गुजर गया। हालांकि, राहुल और प्रियंका के जन्म के बाद इंदिरा गांधी के स्वभाव में बदलाव आ गया था। उन्होंने बताया कि जब राजीव गांधी पायलट थे, तब उनकी सप्ताह में दो बार उड़ान होती थी। वह उन्हें आइसक्रीम खिलाने के लिए इंडिया गेट ले जाया करते थे।


**पाठकों के प्यार से खुश हूं: सोनिया**

सोनिया गांधी ने कहा कि किताब को पाठकों से मिले प्यार और प्रतिक्रिया से वह बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने किताब खरीदकर और अपनी टिप्पणियों के जरिए, जबकि आलोचकों ने भी अपनी प्रतिक्रियाओं से इसके प्रति लगाव दिखाया है। किताब की आलोचना के बारे में उन्होंने कहा कि कुछ लोग थोड़े सख्त होते हैं, जबकि कुछ अधिक स्पष्टवादी होते हैं और वही कहते हैं जो वे सोचते हैं।

समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह, राहुल और प्रियंका गांधी के अलावा हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे। समारोह की पहली पंक्ति में अखिलेश यादव और डिंपल यादव बैठे थे, जबकि राहुल गांधी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के साथ बैठे दिखाई दिए। यह किताब 10 नवंबर को ही बाजार में आ चुकी है।