होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- श्री तीक्ष्ण सूद ने कहा कि मोदी सरकार की विशिष्ट नीतियों के चलते वर्ष 2027 में भारत की अर्थव्यवस्था चीन को भी पीछे छोड़कर आगे रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के मामले में मोदी सरकार का कार्यकाल सबसे अधिक सफल रहा है। पिछले दिनों विभिन्न आर्थिक एजेंसियों द्वारा लगाए गए अनुमानों के अनुसार भारत की आर्थिक वृद्धि दर (जीडीपी) 7 से 7.5 प्रतिशत रहने की संभावना है। 

वहीं, वैश्विक अर्थव्यवस्था की विकास दर 2026 में 2.7 प्रतिशत से बढ़कर 2027 में 2.8 प्रतिशत होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि वैश्विक निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स के अनुसार चीन की 4.5 प्रतिशत वृद्धि दर के मुकाबले भारत की विकास दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसी तरह, बैंक ऑफ अमेरिका ग्लोबल रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार भारत की विकास दर 7.4 प्रतिशत से अधिक हो सकती है, जबकि मूडीज रेटिंग्स के अनुमान के अनुसार भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7 प्रतिशत से ऊपर रह सकती है। 

उन्होंने कहा कि विभिन्न एजेंसियों द्वारा भारत की आर्थिक वृद्धि को लेकर लगाए गए ये अनुमान देश के लिए शुभ संकेत हैं। मौजूदा दौर में वैश्विक वर्चस्व की लड़ाई आर्थिक मोर्चे पर मजबूती हासिल करने की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प देश की अर्थव्यवस्था को इस लक्ष्य तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।