होशियारपुर, 03 अक्तूबर (दलजीत अजनोहा):- राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर ‘स्टार कपल ब्लड डोनर’ के नाम से प्रसिद्ध कपल ब्लड डोनर बहादुर सिंह सिद्धू और जतिंदर कौर सिद्धू ने आज सिविल अस्पताल होशियारपुर के ब्लड बैंक में पहुंचकर 37वीं बार एक साथ रक्तदान किया। भारत में यह दिवस स्वैच्छिक, निःशुल्क और नियमित रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है।
निजी तौर पर बहादुर सिंह सिद्धू ने 72वीं बार और जतिंदर कौर सिद्धू ने 37वीं बार रक्तदान किया। उल्लेखनीय है कि यह पति-पत्नी कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं और लगातार समाज-कल्याण के कार्यों में अपना योगदान दे रहे हैं।
इस अवसर पर सिविल अस्पताल होशियारपुर की सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. नेहा पाल ने सिद्धू जोड़े को सम्मानित करते हुए कहा कि युवा वर्ग को भी सिद्धू जोड़े से प्रेरणा लेते हुए समाज-कल्याण के कार्यों के लिए आगे आना चाहिए और रक्तदान अभियान को अपने जीवन का अहम हिस्सा बनाना चाहिए।
इस अवसर पर ब्लड बैंक सिविल अस्पताल होशियारपुर की इंचार्ज डॉ. गुरिका, लैब टेक्नीशियन संदीप सिंह, मैडम कमल, मैडम हरजीत रानी तथा बलकीरत कौर सिद्धू भी उपस्थित थे।
