रतिया, 21 नवंबर (एडवोकेट मंडेर):- शहर की टिब्बा कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध श्री राम आश्रम शिव मंदिर में श्री श्याम जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव की शाम पूरा शहर श्याममय हो गया और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक दीपक बाबा तथा अशोक लाली ने अपनी मधुर वाणी से बाबा श्याम के भजनों की अमृत वर्षा की। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नाचते नजर आए। पूरा पंडाल बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख समाजसेवी रंजीत गर्ग दानेवालिया ने परिवार सहित ज्योति प्रज्वलित की। उन्होंने बाबा श्याम के चरणों में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान अटूट भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।

मंदिर कमेटी के प्रधान विनोद बंसल ने बताया कि बाबा श्याम के आशीर्वाद से हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्मोत्सव को भव्य रूप दिया गया। मंदिर को फूलों और रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया था। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।

अंत में रात 12:15 बजे बाबा श्याम जी की आरती की गई और इसके बाद प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में आए अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कमेटी के सभी सदस्य तथा महिला मंडल की सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहीं। भव्य जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरा सहयोग दिया।