चंडीगढ़, 17 नवंबर:- हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के सेक्टर-20, पंचकूला स्थित एग्रो मॉल भवन में सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों के कार्यालय उपयोग के लिए दुकानें किराये पर उपलब्ध हैं। इच्छुक विभाग, बोर्ड और निगम अपनी आवश्यकता के अनुसार 40 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से इन दुकानों को किराये पर ले सकते हैं।
मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी एक पत्र के अनुसार, एग्रो मॉल भवन की ग्राउंड फ्लोर (भूतल) पर छोटी और बड़ी कुल 71 दुकानें उपलब्ध हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल लगभग 1,577.32 वर्ग मीटर है। इसके अतिरिक्त, भवन की तीसरी मंजिल पर 20 दुकानें उपलब्ध हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल लगभग 1,206.67 वर्ग मीटर है।
इच्छुक विभाग, बोर्ड और निगम कार्यालय उपयोग के लिए इन दुकानों को किराये पर लेने के लिए सीधे हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, पंचकूला से संपर्क कर सकते हैं।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि एग्रो मॉल भवन को किराये पर लेने के संबंध में सचिवालय की प्रशासनिक अधिकारी शाखा से पत्राचार करने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि इच्छुक विभाग सीधे हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड से संपर्क कर सकते हैं।
