अमृतसर, 9 नवंबर (हरमिंदर नागपाल):- चौथे पातशाह श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व से गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में लगातार कथा विचार कर रहे सिख पंथ के प्रसिद्ध कथावाचक भाई साहिब भाई पिंदरपाल सिंह को आज कथा की समाप्ति के अवसर पर शिरोमणि कमेटी द्वारा विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। वह 25 अक्टूबर से लगातार कथा की सेवा निभा रहे थे। कथा की समाप्ति के उपरांत आज सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी अमरजीत सिंह, श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज्ज, तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी टेक सिंह सहित विभिन्न जत्थेबंदियों द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी अमरजीत सिंह ने पिछले 16 दिनों से श्री मंजी साहिब में गुरबाणी कथा की सेवा निभा रहे भाई साहिब भाई पिंदरपाल सिंह जी का धन्यवाद करते हुए कहा कि गुरु साहिब की अपार बख्शिश से उन्होंने गुरबाणी और गुर-इतिहास की विचार संगतों तक पहुँचाने की बहुमूल्य सेवा निभाई है। उन्होंने कहा कि इस पावन स्थल से ज्ञानी संत सिंह मसीकन ने लंबे समय तक कथा विचार की सेवा निभाई और अब भाई पिंदरपाल सिंह जी द्वारा निरंतर इस परंपरा को आगे बढ़ाना समस्त पंथ और गुरु नानक नाम लेवा संगतों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस बार श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व को समर्पित अमृतसर शहर में शिरोमणि कमेटी द्वारा संगतों के सहयोग से 48 गुरमति समागम करवाए गए, जिनका उद्देश्य गुरबाणी और गुरु साहिब के जीवन-दर्शन से संगतों को जोड़ना है। गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में कथा की सेवा के साथ-साथ भाई पिंदरपाल सिंह ने इन समागमों में भी हाजिरी भरकर संगतों को इतिहास से जोड़ा। उन्होंने अरदास की कि गुरु साहिब कृपा करें कि भाई साहिब जी इसी तरह पंथ और गुरु नानक नाम लेवा संगतों की सेवा करते रहें।

इस अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज्ज ने कहा कि गुरबाणी की विचारधारा मानवीय जीवन को सही दिशा देने और समाज को बुराइयों से बचाने का सबसे प्रभावशाली साधन है। उन्होंने कहा कि गुरबाणी का उपदेश हर हृदय तक सहज और सरल ढंग से पहुँचाने वाले भाई साहिब भाई पिंदरपाल सिंह जी जैसे गुरमुख विद्वानों का पंथ में विशेष स्थान है।

उन्होंने कहा कि आज कौम के सामने नशों सहित जो गंभीर चुनौतियाँ हैं, उनका स्थायी समाधान गुरु से जुड़ने और गुरबाणी के अनुसार जीवन जीने में है। उन्होंने कहा कि नशों के कारण प्रतिदिन नौजवानों की मौतें हो रही हैं और नशे का विरोध करने वालों पर हमले हो रहे हैं। नशों के विरुद्ध आवाज बुलंद करने वाले भाई परविंदर सिंह की मानसा की धरती पर चिता जलना समस्त पंजाब के लिए बेहद दुखदायी है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी नौजवान पीढ़ी को नशों से बचाने के लिए बच्चों को गुरबाणी और गुरु घरों से जोड़ना होगा।

इस अवसर पर शिरोमणि कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की ओर से पहुँचे कमेटी के मुख्य सचिव स. कुलवंत सिंह मन्नण ने उपस्थित शख्सियतों और संगतों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भाई पिंदरपाल सिंह द्वारा संगतों को गुरबाणी कथा के माध्यम से गुरु साहिब की पावन बाणी, गुरमत सिद्धांतों और सिख जीवन-पद्धति से जोड़ने का प्रयास बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने संगतों से गुरु की शिक्षाओं के अनुसार जीवन व्यतीत करने की अपील की।

इस अवसर पर बाबा गुरदेव सिंह कुल्ली वाले, बाबा अवतार सिंह धत्तल, शिरोमणि कमेटी के मुख्य सचिव स. कुलवंत सिंह मन्नण, अंतरंग कमेटी सदस्य स. मंगविंदर सिंह खापड़खेड़ी, सदस्य स. सुरजीत सिंह भिट्टेवड्ड, स. जरनैल सिंह डोगरांवाला, ओएसडी स. सतबीर सिंह धामी, सचिव स. बलविंदर सिंह काहलों, स. गुरिंदर सिंह मथरेवाल, अतिरिक्त सचिव स. भगवंत सिंह धंगेड़ा, स. जसविंदर सिंह जस्सी, निजी सचिव स. शाहबाज सिंह, स. बिजै सिंह, मीत सचिव स. हरभजन सिंह वक्ता, श्री दरबार साहिब के जनरल मैनेजर स. मेजर सिंह, डॉ. धरमवीर सिंह कारसेवा बाबा अटल राय साहिब, ज्ञानी संत सिंह मसीकन के सुपुत्र भाई अमरजीत सिंह, भाई जसवंत सिंह रागी, भाई पिंदरपाल सिंह की पत्नी बीबी दलजीत कौर, अकाली दल के शहरी प्रधान स. सुरजीत सिंह पहलवान, सुपरिटेंडेंट स. निशान सिंह, फेडरेशन नेता स. अमरबीर सिंह ढोट, स. मेजर सिंह, अतिरिक्त मैनेजर स. बिक्रमजीत सिंह झंगी, स. सतनाम सिंह, स. गुरतिंदरपाल सिंह कादियाँ, स. हरविंदर सिंह, हैड प्रचारक स. सरबजीत सिंह ढोटियां, कथावाचक भाई किशन सिंह, भाई नरिंदरपाल सिंह पाली, भाई सुरजीत सिंह, प्रचारक भाई सतवंत सिंह आदि मौजूद थे।